प्रेस वार्ता - डॉ के. शिवन, अध्‍यक्ष इसरो द्वारा जानकारी
होम / प्रेस विज्ञप्ति


चंद्र पर भारत के चंद्रयान-2 मिशन के आगामी प्रमोचन के उपलक्ष में इसरो मुख्‍यालय, बेंगलूरु में आज 12 जून, 2019 को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। डॉ के. शिवन, अध्‍यक्ष, इसरो ने इस बैठक के दौरान डेढ़ सौ से ज्‍यादा प्रादेशिक, राष्‍ट्रीय तथा अंतरराष्‍ट्रीय मीडिया के व्‍यक्तियों को संबोधित किया तथा उनसे विचार-विर्मश किया।

डॉ. शिवन ने अंतरिक्ष विज्ञान तथा अंतर-ग्रहीय मिशनों पर इसरो की दूरदर्शिता की रूपरेखा प्रस्‍तुत की। सौर मंडल के आंतरिक रहस्‍यों को समझना राष्‍ट्रीय तथा अंतरराष्‍ट्रीय दोनों ही वैज्ञानिक समुदायों की महत्‍वाकांक्षा है। चंद्रयान-2 पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए उन्‍होंने घोषणा की कि ‘’जी.एस.एल.वी. मार्कIII-एम1 द्वारा श्रीहरिकोटा से 15 जुलाई, 2019 को 02.51 बजे चंद्रयान-2 के प्रमोचन की योजना बनाई गई है’’। साथ ही उन्‍होंने बताया कि चंद्र की सतह पर चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर का सुगम अवतरण संभवत: 06 सितंबर, 2019 तक होगा। इस विवरण में इस मिशन के वैज्ञानिक लक्ष्‍य, चुनौतियों तथा लाभों के बारे में बताया गया।

उन्‍होंने कक्षित्र, लैंडर और रोवर और साथ ही साथ, चंद्र तक की यात्रा के चुनौतीपूर्ण कार्यों एवं चंद्रीय कक्षा में अंतरिक्ष यान के अंत:क्षेपण का ब्‍यौरा भी प्रदान किया। डॉ. शिवन ने उसके बाद विशेष रूप से चंद्र सतह पर सुगम अवतरण के अति दक्षतापूर्ण कार्य के बारे में उल्‍लेख किया तथा उसे ‘’भयंकर 15 मिनट’’ का नाम दिया।

दिन के आरंभ में मीडिया प्रतिनिधियों को बेंगलूरु स्थित इसरो उपग्रह समाकलन एवं परीक्षण संस्‍था (आई.एस.आई.टी.ई.), में चंद्रयान-2 कक्षित्र और लैंडर को देखने का अवसर मिला।

अध्‍यक्ष, इसरो द्वारा दिए गए विवरण के बाद मीडिया के साथ व्‍यापक रूप से चर्चात्‍मक सत्र चला।

isro image

isro image